India vs England 1st Test Live: लंच के बाद का खेल शुरू, इंग्लैंड के जेनिंग्स और रूट हैं क्रीज पर
टी20 और वनडे सीरीज के बाद अब बारी टेस्ट की है. इंग्लैंड के खिलाफ आज पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में जहां भारतीय टीम विदेश दौरों पर खराब प्रदर्शन का ठप्पा हटाने के इरादे से उतरी है वहीं मेजबान की नजरें अपनी सरजमीं पर पांच दिनी क्रिकेट में खोया फॉर्म हासिल करने पर हैं. इंग्लैंड का यह 1000वां टेस्ट है लेकिन दुनिया की नंबर एक भारतीय टीम उसके रंग में भंग डाल सकती है. भारत ने आखिरी बार राहुल द्रविड़ की अगुवाई में 2007 में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीती थी. हालांकि विराट कोहली की टीम के लिए उस सफलता को दोहरा पाना आसान नहीं होगा. इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. इस फैसले के पीछे उनकी मंशा भारतीय टीम को एजबेस्टन मैदान पर आखिरी पारी खिलाने की है.
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए एलिस्टर कुक और कीटन जेनिंग्स की जोड़ी ने इंग्लैंड की पारी शुरू की. भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत उमेश यादव और ईशांत शर्मा ने की. पारी का पहला चौका जेनिंग्स ने तीसरे ओवर में उमेश की गेंद पर लगाया. इसके बाद पांचवें ओवर में कुक ने उमेश को दो चौके लगाए.पांच ओवर के बाद स्कोर 20 तक तक पहुंच गया था. पारी के छठे ओवर में जेनिंग्स को जीवनदान मिला जब स्लिप पर अजिंक्य रहाणे कैच नहीं पकड़ पाए. तेज गेंदबाजों को कोई खास प्रभावी न होते देखकर भारतीय कप्तान कोहली ने सातवें ओवर से ही ऑफ स्पिनर आर. अश्विन को आक्रमण पर लगा दिया. यह फैसला सही रहा और अश्विन ने अपने दूसरे और पारी के 9वें ओवर में कुक (13) को बोल्ड कर दिया. पहले क्रम पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट बैटिंग के लिए आए. रूट शुरुआत से ही अपनी पारी में विश्वास से भरे नजर आए, उन्होंने ईशांत की गेंदों पर दो चौके जमाए.14वें ओवर में मोहम्मद शमी गेंदबाजी के लिए लाए गए.ड्रिंक्स के बाद इंग्लैंड के 50 रन 16 ओवर में पूरे हुए. जेनिंग्स और रूट की जोड़ी भारत के लिए मुश्किल बन रही थी, ऐसे में 26वें ओवर में हार्दिक पंड्या का गेंदबाजी पर लाया गया.पहले सेशन की बात करें तो भारतीय गेंदबाजों ने निराश किया.लंच के समय 28 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 83 रन था और जेनिंग्स 38 और रूट 31 रन बनाकर विकेट पर जमे हुए थे.
विकेट पतन: 26-1 (कुक, 8.5)
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में चेतेश्वर पुजारा स्थान नहीं बना सके हैं. उनकी जगह लोकेश राहुल टीम में लिए गए हैं. अभ्यास मैच में दोनों पारियों में शून्य पर आउट हुए शिखर धवन प्लेइंग इलेवन में हैं. मैच के लिए भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाज उतारे हैं स्पिनर के रूप में केवल रविचंद्रन अश्विन
via ndtv sports
Comments
Post a Comment