फ़ख़र ज़मां ने रचा इतिहास, बने दोहरा शतक जड़ने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज़
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ फ़ख़र ज़मां ने अपने देश की ओर से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया और पहली बार वनडे में दोहरा शतक जड़ने का कारनामा किया है.
21 साल पुराने सईद अनवर के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए फ़ख़र ज़मां ने नाबाद 210 रन बनाए. पूर्व सलामी बल्लेबाज़ सईद अनवर ने चेन्नई में 1996 में भारत के ख़िलाफ़ 194 रन की पारी खेली थी.
बुलावायो में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ पांच वनडे मैचों की सिरीज़ के चौथे मैच में यह मुकाम हासिल करने वाले फ़ख़र ज़मां ने अपनी इस पारी के दौरान 155 गेंदों में 24 चौके और पांच छक्के जड़े. फ़ख़र की इस पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 399 रनों का पहाड़ खड़ा किया. यह पाकिस्तान का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर भी है.
अपनी पारी के दौरान फ़ख़र ने इमाम-उल-हक़ के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 304 रनों की साझेदारी निभाई जो वनडे क्रिकेट में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड भी है.

Comments
Post a Comment